देहरादून: महानगर के कांग्रेसजनों ने जल संस्थान दिलाराम चैक स्थित अधिशासी अभियंता के कार्यालय के सामने पेयजल की समस्या के समाधान के लिए मटका फोड़कर प्रदर्शन करते हुए पेयजल समस्या के समाधान की मांग की। इस अवसर पर चेतावनी दी गई कि जल्द ही पेयजल की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कार्यालय में तालाबंदी की जायेगी। यहां पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा एवं पूर्व विधायक राजकुमार के नेतृत्व में आज कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासियों ने दिलाराम बाजार स्थित वाटर बाॅक्स में अधिशासी अभियंता के कार्यालय के सम्मुख मटका फोड़ कर प्रदर्शन किया और कांग्रेसजनों ने अधिशासी अभियंता को एक ज्ञापन सौंपते हुए देहरादून महानगर की पेयजल समस्या एवं सीवर लाईनों की समस्या के समाधान की मांग की।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता को सौंपे ज्ञापन में लालचन्द शर्मा एवं पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि ग्रीष्मकालीन ऋतु प्रारम्भ हो चुकी है तथा प्रत्येक वर्ष गर्मी शुरू होते ही देहरादून महानगर के कई क्षेत्रों में पेयजल संकट गहराने लगता है। इस अवसर पर ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान में भीषण गर्मी प्रारम्भ हो चुकी है ऐसे में देहरादून महानगर के विभिन्न स्थानों जिनमें मुख्य रूप से ओंकार रोड़, चुक्खूवाला, गुरूनानक स्कूल के निकट, कम्बोज वाली गली, आरजीएम प्लाजा आदि कई स्थानों में पेयजल संकट गहराने लगा है।






