मॉस्को: मॉस्को में होने जा रहे विक्ट्री डे से कुछ ही दिन पहले यूक्रेन ने बमबारी कर दी। 5-6 मई की रात रूस की राजधानी मॉस्को पर 19 ड्रोन हमलों की कोशिश की गई लेकिन इसे रूस रोकने में कामयाब रहा। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने इससे जुड़ा दावा किया। ये दूसरी रात थी जब मॉस्को को निशाना बनाया गया। रूस का कहना है कि उनके हवाई रक्षा बलों के सामने ये ड्रोन किसी काम के नहीं। एक ड्रोन का मलबा मॉस्को की महत्वपूर्ण सड़क काशिरस्कोये हाईवे पर गिरा, जहां आपातकालीन टीमें काम कर रही हैं। कोई हताहत नहीं हुआ।
हमलों की वजह से मॉस्को के चार बड़े हवाई अड्डे वनुकोवो, डोमोडेडोवो, झुकोव्स्की और शेरेमेत्येवो कुछ देर के लिए बंद करने पड़े। साथ ही, रूस के कलुगा ओब्लास्त में ग्राब्त्सेवो हवाई अड्डे पर भी पाबंदियां लगाई गईं। यूक्रेन ने इन हमलों पर कोई टिप्पणी नहीं की है। ये हमले रूस के 9 मई को होने वाले विक्ट्री डे समारोह से ठीक पहले हुए, जो द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी पर सोवियत संघ की जीत की याद में मनाया जाता है। क्रेमलिन ने इस बार विदेशी मेहमानों को न्योता भेजा। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा है कि वह इसमें शामिल होंगे। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 8 मई की मध्यरात्रि से 11 मई की मध्यरात्रि तक ‘मानवीय युद्धविराम’ का ऐलान किया है। लेकिन यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इसे ‘नाटक’ करार देते हुए खारिज कर दिया। जेलेंस्की का कहना है कि रूस इस तरह की छोटी-मोटी घोषणाओं से दुनिया को बेवकूफ बनाता है और इसका कोई इरादा नहीं रखता।






