इस्लामाबाद: एक तरफ पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ गीदड़ भभकी दे रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ उनकी ही सरकार के मंत्री भारत के साथ खुद तनाव कम करने की गुहार लगा रहे हैं। अब दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने अपने भारतीय समकक्ष अजीत डोभाल से फोन पर बात की है।
तुर्की के मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, यह बातचीत बुधवार देर रात हुई। यानी भारतीय सेना द्वारा सीमापार आतंकवादी ढांचे पर की गई सटीक कार्रवाई के एक दिन बाद पाकिस्तानी एनएसए ने कथित तौर पर डोभाल से फोन पर बात की है। एक इंटरव्यू में पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने इस बातचीत की पुष्टि की। यह बातचीत भारत के एनएसए अजित डोभाल और पाकिस्तान के एनएसए असीम मलिक के बीच हुई। यह पहली सीधी बातचीत है जो 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, डार ने इस बातचीत के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी, इस संपर्क को दोनों परमाणु शक्ति संपन्न देशों के बीच तनाव को कम करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, इस टेलीफोन कॉल की पुष्टि भारत या पाकिस्तान की किसी आधिकारिक एजेंसी ने अब तक नहीं की है।






