इस्लामाबाद: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है। इसी क्रम में पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने शनिवार देर रात बड़ा कदम उठाते हुए संसद का आपातकालीन सत्र बुलाने की घोषणा की है। यह सत्र सोमवार, 5 मई 2025 को शाम 5 बजे इस्लामाबाद स्थित संसद भवन में होगा।
राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि यह निर्णय पाकिस्तान के संविधान के अनुच्छेद 54 की धारा (1) के तहत लिया गया है। इस विशेष सत्र में भारत के साथ बिगड़ते राजनयिक संबंधों पर विशेष चर्चा की जाएगी, जिसमें भारत द्वारा सिंधु जल संधि को निलंबित किए जाने का मुद्दा प्रमुख रहेगा।






