इस्लामाबाद: भारत के पंगा लेकर पाकिस्तान बुरी तरह फंस गया है। अब दर की ठोकरें खा रहा है और मदद के लिए गिड़गिड़ाता नजर आ रहा है।पाकिस्तान की तरफ से कहा गया है कि भारत के साथ अगर ज्यादा तनाव बढ़ता है, तो उसे भी संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाने का अधिकार है। संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत असीम इफ्तिखार अहमद ने कहा कि यह सब जम्मू-कश्मीर में हुई घटना की वजह से हो रहा है। बता दें कि पाकिस्तान वर्तमान में सुरक्षा परिषद का अस्थाई सदस्य है और वह जुलाई में इसकी अध्यक्षता करेगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब मीडिया ने अहमद से पूछा कि क्या पाकिस्तान सुरक्षा परिषद की बैठक को बुलाने पर विचार कर रहा है तो इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा, यहां यह स्पष्ट है कि कश्मीर में घटना हुई थी लेकिन अब जो परिस्थिति बन रही है वह क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए एक वास्तविक खतरा है और हम मानते हैं कि ऐसी स्थिति में सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाई जा सकती है। पाकिस्तान या किसी भी सदस्य के लिए यह बैठक बुलाना वैध है।






