नई दिल्ली: पहलगाम हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनातनी जारी है। भारत आतंकी हमले के दोषियों की तलाश में पूरी ताकत से लगा है। दूसरी ओर पाकिस्तान इस हमले में अपना हाथ नहीं होने की बात कह रहा है। भारत के एक्शन पर पाकिस्तान में खलबली मची है। इस बीच सोमवार को पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ ने कहा कि भारत कभी भी हमला कर सकता है। ऐसे में सेना को पूरी तरह से तैयार रखा गया है।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ ने कहा कि पिछले सप्ताह कश्मीर में सैलानियों पर हुए हमले के बाद दोनों परमाणु-सशस्त्र राष्ट्रों के बीच तनाव बढ़ गया है। रक्षा मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ ने एक इंटरव्यू में बताया, हमने अपनी सेना को मजबूत किया है, क्योंकि अभी के समय में यह जरूरी हो गया है। ऐसी स्थिति में कुछ रणनीतिक निर्णय लिए जाने हैं, इसलिए वे निर्णय लिए गए हैं।






