इस्लामाबाद: अमेरिका ने पाकिस्तान से साफ शब्दों में कहा है कि पहलगाम हमले की जांच में पाकिस्तान भारत का पूरा-पूरा सहयोग करे। इसके साथ ही दोनों देश सीमा पर बढ़ रहे तनाव को कम करे। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत और पाकिस्तान से कश्मीर में हुए आतंकी हमले के बाद बढ़ते तनाव को कम करने और शांति बनाए रखने की अपील की है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब दोनों परमाणु-संपन्न पड़ोसी देशों के बीच तनाव चरम पर है, खासकर 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद, जिसमें 26 लोग मारे गए थे।
दूसरी ओर, पाकिस्तान ने इन आरोपों से इनकार किया है और एक तटस्थ व पारदर्शी अंतरराष्ट्रीय जांच में भाग लेने की पेशकश की है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने रुबियो के साथ बातचीत में भारत पर उत्तेजक और आक्रामक व्यवहार का आरोप लगाया और अमेरिका से भारत को बयानबाजी कम करने के लिए कहने का अनुरोध किया। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने बुधवार को एक प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि रुबियो ने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से अलग-अलग फोन पर बात की। रुबियो ने भारत को आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में समर्थन देने का आश्वासन दिया, साथ ही पाकिस्तान से हमले की जांच में सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने दोनों देशों से तनाव कम करने, सीधा संवाद बहाल करने और दक्षिण एशिया में शांति व सुरक्षा बनाए रखने के लिए मिलकर काम करने को कहा।






