इस्लामाबाद: ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान ने इस सैन्य कार्रवाई को धार्मिक रंग देने की कोशिश शुरू कर दी है। वायु सेना ने 7 मई की रात को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में 9 आतंकी ठिकानों पर सटीक एयर स्ट्राइक की।
इसके बाद पाकिस्तान के सैन्य प्रवक्ता डीजी आईएसपीआर मेजर जनरल अहमद चौधरी ने दावा किया कि भारत की ओर से किए गए हमलों में अब तक छह स्थानों पर कुल 24 हमले दर्ज हुए हैं, जिसमें 8 पाकिस्तानी नागरिकों की मौत, 35 घायल और 2 लोग लापता हैं। डीजी चौधरी ने कहा, “हमारे नुकसान का आंकलन करने के बाद यह जानकारी दी जा रही है कि भारत की ओर से छह अलग-अलग क्षेत्रों में विभिन्न हथियारों से 24 हमले किए गए। इतना ही नहीं, चौधरी ने दावा किया कि बहावलपुर के अहमदपुर ईस्ट में सुभान मस्जिद को निशाना बनाया गया। यहां भारत ने चार हमले किए। बता दें कि भारत ने साफ कहा है कि उसने केवल आतंकी ठिकानों को ही निशाना बनाया है। अब पाकिस्तान ऑपरेशन सिंदूर को मजहबी रंग देने में जुट गया है।






