तेल अवीव: भारत के ऑपरेशन सिंदूर पर इजरायल ने भारत की जमकर पीठ थपथपाई है। कहा है कि आत्मरक्षा का सभी को हक है और आतंकियों को सबक सिखाना बेहद जरुरी है। भारत में इजरायल के राजदूत रुवेन अजर ने बुधवार सुबह एक्स पर लिखा, इजरायल भारत के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन करता है। आतंकवादियों को पता होना चाहिए कि निर्दोषों के खिलाफ जघन्य अपराध करने के बाद उनके पास छिपने की कोई जगह नहीं है। उनको सबक सिखाया जाना जरूरी है। इजरायल का ये समर्थन भारत के लिए अहम है क्योंकि चीन और तुर्की जैसे अहम देशों का रुख पाकिस्तान की ओर है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद बने तनाव के बीच तुर्की ने पाकिस्तान के समर्थन का ऐलान कर दिया है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि तुर्की के विदेश मंत्री ने पाक विदेश मंत्री को फोन करके भारत की ओर से पाकिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन करने और निर्दोष नागरिकों की हत्या करने के खिलाफ तुर्की की एकजुटता व्यक्त की है। तुर्की ने क्षेत्रीय सुरक्षा की बिगड़ती स्थिति पर चिंता व्यक्त की है। भारत की ओर पाकिस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के तहत एयर स्ट्राइक पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी प्रतिक्रिया दी है। मार्को रुबियो ने कहा है कि वह भारत और पाकिस्तान के बीच स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। रुबियो ने उम्मीद जताई कि भारत-पाकिस्तान में बना ये तनाव जल्दी ही समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले के शांतिपूर्ण समाधान के लिए भारतीय और पाकिस्तानी नेतृत्व दोनों के साथ बातचीत जारी रहेगी।






