वाशिंगटन: पहलगाम हमले के बाद से पाकिस्तान और भारत में तनाव लगातार बढ़ रहा है लोग अपना गुस्सा और चिंता जाहिर कर रहे हैं। इस बीच अब अमेरिका का बयान सामने आया है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत और पाकिस्तान से स्थिति को और न बढ़ाने को कहा है। साथ ही दोनों देशों के अपने समकक्षों, भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर और पाकिस्तानी विदेश मंत्री मोहम्मद इशाक डार को फोन करके यही संदेश देने की योजना बनाई है।
अमेरिका ने अन्य विश्व नेताओं से भी दोनों पक्षों को यही संदेश देने का आग्रह किया है। विदेश विभाग के प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने रूबियो का बयान पढ़ते हुए कहा कि हम दोनों पक्षों से संपर्क कर रहे हैं और निश्चित रूप से उन्हें स्थिति को और न बढ़ाने के लिए कहा गया है। सचिव आज या कल तक पाकिस्तान और भारत के विदेश मंत्रियों से बात कर सकते हैं। प्रवक्ता ने यह भी कहा कि सचिव रूबियो अन्य राष्ट्रीय नेताओं, अन्य विदेश मंत्रियों को भी इस मुद्दे पर देशों से संपर्क करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। ब्रूस ने यह भी कहा कि अमेरिका ने विदेश मंत्रियों के अलावा अन्य स्तरों पर भी भारत और पाकिस्तान से बातचीत की है।






