नई दिल्ली: हाल ही में हुए कनाडा चुनाव में मार्क कार्नी की लिबरल पार्टी ने जीत हासिल की है। इसके बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्क कार्नी को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि भारत और कनाडा के लोगों के बीच मजबूत रिश्ते हैं और वे दोनों देशों के बीच और भी मौके बनाने के लिए उत्सुक हैं। यह संदेश इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत और कनाडा के रिश्ते पिछले कुछ समय से बेपटरी हैं।
पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि भारत और कनाडा दोनों लोकतांत्रिक मूल्यों और कानून के शासन में विश्वास रखते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के लोगों के बीच अच्छे संबंध हैं। पीएम मोदी ने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा, भारत और कनाडा साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, कानून के शासन के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और जीवंत लोगों-से-लोगों के संबंधों से बंधे हैं। मैं आपके साथ काम करने और हमारे लोगों के लिए अधिक अवसरों को खोलने के लिए उत्सुक हूं।






