नई दिल्ली: भारतीय सेना ने सोमवार को ऑपरेशन सिंदूर को लेकर संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सेना ने पाकिस्तानी मिराज विमान के मलबे और पीएल-15 एयर-टू-एयर मिसाइल के अवशेषों की क्लिप भी दिखाई। एयर मार्शल एके भारती ने कहा कि भारत का लक्ष्य केवल आतंकी ठिकानों को निशाना बनाना था, लेकिन अफसोस की बात है कि पाकिस्तान की सेना ने आतंकियों का समर्थन करते हुए इसे अपनी लड़ाई बना लिया।
एयर मार्शल ने कहा कि
भारतीय वायु रक्षा प्रणाली देश की सुरक्षा में अडिग खड़ी है और इसे भेद पाना दुश्मनों के लिए असंभव है। उन्होंने दो टूक कहा कि सभी सैन्य अड्डे, उपकरण और प्रणालियां पूरी तरह सक्रिय हैं और किसी भी अगली कार्रवाई के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। 7 से 9 मई के दौरान पाकिस्तान की ओर से किए गए ड्रोन और मिसाइल हमलों के जवाब में भारत ने लाहौर समेत पाकिस्तान के कई एयर डिफेंस सिस्टम को नष्ट कर दिया।






