नई दिल्ली: देश की पहली बुलेट ट्रेन मुंबई से अहमदाबाद के बीच चलाई जानी है। इसके लिए 508 किमी का हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर तैयार किया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2028 तक यह गुजरात में साबरमती से वापी के बीच शुरू हो सकती है। पूरे मार्ग पर 2030 तक ट्रेन के दौड़ने की संभावना जताई गई है। नेशनल हाई-स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा राइडरशिप सर्वे कराया जाएगा, जिसमें यात्री संख्या, किराया निर्धारण और ट्रैफिक अनुमान तय किए जाएंगे।
इस रेल लाइन की कुल दूरी 508 किलोमीटर की होगी। गुजरात में करीब यह 348 किमी की दूरी तय करेगी। इसके बाद महाराष्ट्र में लगभग 156 किमी के ट्रैक पर बुलेट ट्रेन दौड़ेगी। महाराष्ट्र में मुंबई,ठाणे, विरार, बोईसर में स्टेशन तैयार किए जा रहे हैं। वहीं, गुजरात में वापी, बिलीमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद, साबरमती स्टेशन बनाए जा रहे हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि अब तक 300 किमी वायाडक्ट का निर्माण हो चुका है। मुंबई के बीकेएस स्टेशन पर 76 प्रतिशत खुदाई का काम पूरा हो चुका है। 383 किमी पियर वर्क, 401 किमी फाउंडेशन और 326 किमी गर्डर कास्टिंग भी पूरी हो चुकी है।






