विंडहॉक: भारत और नामीबिया के बीच चीता रिलोकेशन के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। समझौते के तहत भारत को नामीबिया से एक दर्जन चीते मिलने की उम्मीद है। यह इतनी बड़ी संख्या में मांसाहारी जानवरों के अंतरमहाद्वीपीय ट्रांसफर के लिए दुनिया का पहला समझौता है। नामीबिया की उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री नेटुम्बो नंदी नदैतवा ने कहा कि भारत ने चीतों के स्थानांतरण की सभी जरूरतों को पूरा कर लिया है, जिनका उनकी सरकार कड़ाई से पालन करती है।
भावुक नदैतवा ने कहा कि भारतीय वैज्ञानिकों ने सभी जरूरतों को पूरा किया है, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया है कि हम उन चीतों को निर्यात कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम आशा करते हैं कि भारतीय इन जानवरों की अच्छे से देखभाल करने वाले हैं, ये हमें बहुत प्यारे हैं। जैसा कि आप जानते हैं कि नामीबिया 'चीतों की राजधानी' है।' चीतों को 15 अगस्त से पहले एक विशेष उड़ान से भारत लाकर मध्य प्रदेश के कुनो वन्यजीव अभयारण्य में रखा जाएगा।






