नई दिल्ली: चारधाम यात्रा के श्रद्धालुओं के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) एक बड़ी सौगात लेकर आया है। बद्रीनाथ धाम की पवित्र यात्रा 8 मई से शुरू हो रही है, जबकि केदारनाथ धाम के कपाट आज से खुल गए हैं। अगर आप भी चारधाम यात्रा पर जाना चाहते हैं तो आपके लिए आईआरसीटीसी चार धाम यात्रा के लिए एक विशेष टूर पैकेज लेकर आया है। इस टूर पैकेज में श्रद्धालुओं को सभी महत्वपूर्ण तीर्थों के दर्शन करने का मौका मिलेगा। श्रद्धालुओं को एक तय रकम में इस यात्रा के दौरान रहने, खाने-पीने और ट्रैवल के लिए हवाई जहाज और गाड़ी की सुविधा भी मिलेगी।
11 रातों और 12 दिनों का यह टूर 10 जून 2022 को ओडिशा के भुवनेश्वर से शुरू होगा और 21 जून को समाप्त होगा। भुवनेश्वर से श्रद्धालुओं को हवाई जहाज से नई दिल्ली लाया जाएगा। इस यात्रा में भक्तों को केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री के साथ ही गुप्तकाशी, बरकोट, हरिद्वार, सोनप्रयाग आदि खूबसूरत और धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। इस टूर पैकेज का खर्च 60,000 रुपये से शुरू होगा। इसकी बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर जाकर की जा सकती है। आईआरसीटीसी के कार्यालयों में भी यह सुविधा उपलब्ध है।






