नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 साल के कार्यकाल में शायद यह पहला मौका है, जब वह विदेश का दौरा बीच में ही छोड़कर भारत लौटे हैं। यह संकेत बता रहा है कि देश में अगले कुछ घंटे में बड़ा होने वाला है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रात से ही जम्मू-कश्मीर में डेरा डाले हुए हैं। पीएम मोदी आज सीसीए की अहम बैठक में भाग लेने वाले हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सेना से लेकर जम्मू-कश्मीर पुलिस की हर गतिविधि को मॉनिटर कर रहे हैं। भारत के गृह सचिव जम्मू-कश्मीर के डीजीपी से संपर्क में है। यानी पहलगाम हमले के बाद भारत का एक्शन प्लान को लेकर अधिकारियों और सेना के बीच रात से ही चर्चा हो रही है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि अब क्या होगा?
पहलगाम के बैसरन घाटी के ऊपरी इलाकों में पर्यटक घूम रहे थे, तभी अचानक उन पर गोलीबारी कर दी गई। आतंकियों ने पर्यटकों के नाम, धर्म और जगह पूछ-पूछकर गोली मारी। इस घटना में 26 सैलानियों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। हाल के दिनों में जम्मू-कश्मीर में यह सबसे बड़ा हमला है। पुलवामा में साल 2019 में सीआरपीएफ के काफिले पर जैश-ए-मोहम्मद के आत्मघाती हमलावर आदिल अहमद डार ने हमला किया था, जिसमें 40 जवान शहीद हुए थे। भारत ने 26 फरवरी 2019 को भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की, जिसमें 300 से अधिक आतंकियों के मारे गए थे।






