लाहौर: पाकिस्तान के शीर्ष भाला फेंक खिलाड़ी अरशद नदीम ने बेंगलुरू में होने वाली क्लासिक भाला फेंक प्रतियोगिता में भाग लेने से इंकार कर दिया है। इस प्रतियोगित में भाग लेने का आमंत्रण उन्हें भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने दिया था। पाक मीडिया के अनुसार नदीम ने अपने मौजूदा व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए इस टूर्नामेंट में भाग लेने में असमर्थता जतायी है। क्लासिक भाला फेंक प्रतियोगिता 24 मई को बेंगलुरू के श्री कांतीरवा स्टेडियम में खेली जाएगी।
अरशद की ओर से कहा गया है कि उनका कार्यक्रम एक साल पहले ही तय हो गया था और वह 27 मई से दक्षिण कोरिया में होने वाली एशियाई प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे हैं। अरशद अभी छुट्टियां मना रहे हैं पर वह शीघ्र ही सितंबर में टोक्यो में होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप की तैयारी शुरु करेंगे।






